
गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर सोमवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देवरी एक आदिवासी बहुल और पिछड़ा क्षेत्र है, जहां आज तक न तो डिग्री कॉलेज की स्थापना हुई है और न ही केंद्रीय विद्यालय खोला गया है। इसके कारण यहां के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।वक्ताओं ने यह भी कहा कि प्रस्तावित नवादा रेल लाइन में देवरी को शामिल नहीं किए जाने से क्षेत्र के विकास को बड़ा झटका लगा है। इसे क्षेत्र की लगातार हो रही उपेक्षा का उदाहरण बताया गया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।पहले जनसमर्थन अभियान चलाया जाएगा, उसके बाद राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर मांग को मजबूती से रखेगा।बैठक के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि देवरी में डिग्री कॉलेज की स्थापना होने तक आंदोलन जारी रहेगा, क्योंकि शिक्षा ही क्षेत्र के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है।
#highlights
#jharkhand
#school
#degreecollage