
बिहार के जमुई में छात्रा से बदसलूकी का मामला अभी चर्चा में ही था कि अब समस्तीपुर से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर 23 सितंबर को एक लड़की के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की घटना हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की एक युवक के साथ बाइक से जा रही थी। दोनों सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और लड़की को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और गलत तरीके से छूने के साथ उसे सड़क पर खींचा। वीडियो में लड़की लगातार युवकों का विरोध करती दिखाई दे रही है और उन्हें पीछे हटने के लिए कहती है।
वीडियो में लड़की यह कहते हुए भी सुनाई देती है कि वह अपने भाई को बुलाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, इसके बावजूद युवक उसका पीछा करते और बदसलूकी करते नजर आए। आसपास मौजूद कुछ लोग घटना को देखते और कुछ वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लाइव हिन्दुस्तान के मुताबिक पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान की और अन्य लोगों की तलाश की जा रही थी। वहीं जागरण ने पुलिस द्वारा चार युवकों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है।
इस घटना के बाद एक बार फिर बिहार में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर अब नजर है।