जोधपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जोधपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ने नामांतरण दर्ज करने की एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, परिवादी ने पटवारी अंकुश के खिलाफ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नामांतरण दर्ज करने के बदले 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने पटवारी अंकुश को रिश्वत की राशि लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी ने किया।
एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में रिश्वत की मांग और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।