
चूरू। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से चलाया जा रहा अभियान दीपावली के मद्देनजर कुछ समय के लिए स्थगित किया गया है। नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि दीपावली के त्योहार पर किसी को परेशानी न हो, इसलिए अभियान को अस्थायी रूप से रोका गया है। हालांकि, दीपावली के बाद शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई फिर शुरू की जाएगी।
सभापति विनय गोयनका ने बताया कि स्थानीय नागरिकों और बाजार के व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनर्गल अफवाहें फैलाएं।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां नालियों पर जालियां लगाने का काम दीपावली से पहले जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा, ताकि बाजार की सुंदरता बनी रहे और आमजन व व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
गोयनका ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं करें। शहर की सुंदरता, सुव्यवस्थित यातायात और आमजन की सुविधाओं को बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि चूरू को अतिक्रमण मुक्त बनाना केवल नगर परिषद का अभियान नहीं, बल्कि सभी शहरवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर परिषद इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
सभापति ने शहरवासियों से दीपावली पर आपसी सहयोग, सद्भाव और जिम्मेदारी के साथ चूरू को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की।
#churu #ᴠɪʀᴀʟᴘᴏsᴛ
#tharkiawaazajay #churunews #nagarparishad
Churu, Churu | Oct 22, 2026