
अगस्त 2026 में जिलेभर में मनाए जाएंगे विभिन्न जयंती एवं दिवस
कार्यक्रमों के आयोजन हेतु विभागों को जारी हुए दिशा-निर्देश
..
विदिशा। वर्ष 2026 के अगस्त माह में विभिन्न जयंती एवं दिवसों का जिला स्तर पर सुव्यवस्थित रूप से आयोजन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी कार्यक्रम शेड्यूल के अनुसार अगस्त माह में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियां, रैलियां, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वर्ष 2026 के अगस्त माह में विभिन्न जयंती एवं दिवस का अयोजन जिला स्तर पर किया जाना है की जानकारी देते हुए संयुक्त कलेक्टर द्वारा बताया गया कि 1 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग और वन विभाग के संयुक्त समन्वय से राष्ट्रीय पर्वतारोहण दिवस पर साहसिक गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण तथा जागरूकता और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 6 अगस्त को शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग के संयुक्त समन्वय से हिरोशिमा दिवस पर शांति संदेश निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 7 अगस्त को उद्योग और ग्रामोद्योग विभाग द्वारा राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर हस्तशिल्प प्रदर्शनी और स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 8 अगस्त को शिक्षा और संस्कृति विभाग द्वारा भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर देशभक्ति कार्यक्रम, भाषण और रैली कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदिवासी संस्कृति कार्यक्रम और जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर खेल एवं युवा विभाग द्वारा युवा सम्मेलन और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 13 अगस्त को अंगदान दिवस के उपलक्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करते हुए जागरूकता रैली निकाली जाएगी। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा संगोष्ठी, इतिहास पर चर्चा का आयोजन होगा।15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में जिले के समस्त विभागों द्वारा ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।19 अगस्त को विश्व मानवता दिवस के उपलक्ष में समाज कल्याण विभाग द्वारा सेवा कार्य और रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के उपलक्ष में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा एकता शपथ और सद्भाव कार्यक्रम आयोजित होंगे। 26 अगस्त को महिला समानता दिवस के उपलक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा और 19 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में खेल एवं युवा विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिताओं और फिटनेस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। #vidisha #JansamparkMP