
पुलिस से बचने की कोशिश में हादसा, शराब से भरी कार पेड़ से टकराई; एक तस्कर की मौत
बालोतरा। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और गुड़ामालानी पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्करों की कार सोमवार को आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर अनियंत्रित होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वाटेरा टोल से शराब से भरी कार निकलने की सूचना मिलने पर एएनटीएफ ने पीछा शुरू किया। करीब 20 किलोमीटर तक चले पीछा करने के दौरान तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए रास्ता बदल लिया। आमलियाला-भैडाणा रोड पर सामने से एक पिकअप वाहन आने पर कार चालक संतुलन खो बैठा और वाहन खेजड़ी के पेड़ से जा भिड़ा।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन से ऑल सीजंस ब्रांड की शराब के 377 पव्वे बरामद किए गए। घायल पुनेश (22) को उपचार के लिए सांचौर भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं प्रवीण (20) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा कार के पेड़ से टकराने के कारण हुआ है। फायरिंग जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
घटना के बाद पोस्टमॉर्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद भी हुआ। परिजनों ने बिना नंबर की बोलेरो से टक्कर मारने और इलाज में देरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।