
भीषण गर्मी के बीच 9 से 3 बजे तक स्कूल जा रहे बच्चे, समय बदलने की उठी मांग #kangralive #dehra
देहरा: कांगड़ा जिला के निचले क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जो तेज धूप के बीच स्कूल जाने को मजबूर हैं।
वर्तमान में सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान बच्चों को कड़ी धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
देहरा, नूरपुर, इंदौरा, ज्वालामुखी और कांगड़ा क्षेत्रों में पड़ रही इस भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन, विशेषकर डीसी कांगड़ा से स्कूलों के समय में बदलाव करने की मांग उठाई है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि स्कूलों का समय सुबह जल्दी किया जाना चाहिए।
इस संबंध में एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल, गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता और बढ़ती जा रही है।
Kangra, Kangra | Jun 9, 2026