
सोशल मीडिया पर कट्टा लहराने का शौक पड़ा भारी, मोकामा पुलिस ने आरोपी को हथियार के साथ किया गिरफ्तार
मोकामा। आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर रील बनाने और हथियार लहराकर रौब झाड़ने का शौक युवाओं को भारी पड़ रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला मोकामा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ सोशल मीडिया पर अवैध हथियार (कट्टा) लहराते हुए एक युवक की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोकामा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी युवक को दबोच लिया।
वायरल फोटो पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मोकामा थानाध्यक्ष कुनाल कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक की फोटो मिली थी, जिसमें वह खुलेआम कट्टा लहराता हुआ दिख रहा था। पुलिस ने तुरंत इस पर संज्ञान लिया और तकनीकी अनुसंधान एवं स्थानीय इनपुट के आधार पर युवक की पहचान की। इसके बाद मोकामा थाना की पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आज आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
कन्हाईपुर का रहने वाला है आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। वह मोकामा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कन्हाईपुर, वार्ड संख्या 7 का रहने वाला है और उसके पिता का नाम श्रवण यादव है। टाल क्षेत्र से हथियार और कारतूस बरामद पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब आरोपी जितेन्द्र कुमार से कड़ेपन से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने मोकामा के टाल क्षेत्र में छापेमारी की। जहाँ छुपाकर रखा गया:
01 अवैध कट्टा
01 जिंदा कारतूस
पुलिस ने इन्हें मौके से बरामद कर ज़ब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष का संदेश: मोकामा पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
#
Mokameh, Patna | Jun 22, 2026