
भक्ति रस में सराबोर हुआ देवघर, श्री श्याम कीर्तन मंडल का 69वां श्री श्याम महोत्सव धूमधाम से शुरू।
देवघर: – श्री श्याम कीर्तन मंडल, देवघर का 69वां श्री श्याम महोत्सव रविवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में धूमधाम से शुरू हुआ। शाम 7:30 बजे ज्योत प्रज्वलन के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बाबा श्याम का कोलकाता से मंगाए गए फूलों और कुशल कारीगरों द्वारा बेहद मनमोहक और अलौकिक श्रृंगार किया गया।
महोत्सव के मुख्य यजमान श्री गणेश भालोटिया ने अपने पूरे परिवार के साथ बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की। इसके बाद भजनों की ऐसी रसधार बही कि पूरा प्रार्थना कक्ष श्याम भक्ति में डूब गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और नाचते हुए बाबा श्याम को रिझाते नजर आए।
महोत्सव के सफल आयोजन और सभी विघ्न-बाधाओं को दूर करने के लिए सबसे पहले विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का भजनों के माध्यम से आह्वान किया गया। इसके बाद गुरुदेव, बाबा बैद्यनाथ, भगवान भोलेनाथ और संकट मोचन वीर बजरंगबली की स्तुति की गई।
इसके बाद शीश के दानी और हारे के सहारे बाबा श्याम की महिमा का गुणगान शुरू हुआ। ‘धन्य घड़ी धन्य भाग हमारो’, ‘लीले चढ़ श्री श्याम पधारो’, ‘करो स्वागत बाबा को’ सहित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों से खचाखच भरे प्रार्थना कक्ष में श्रद्धालु झूम-झूमकर बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आए।
महोत्सव में सहयोगी एवं गुरु भाई संस्था श्री श्याम मित्र मंडल, हावड़ा के सदस्यों ने भी अपनी शानदार भजनों की प्रस्तुति से बाबा श्याम को रिझाया। इसके बाद ‘यह श्याम सरोवर है, बाबा की धरोहर है’ भजन के माध्यम से संस्था की ओर से बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई गई। इसी क्रम में बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
इसके बाद सहयोगी संस्था श्री श्याम भक्त मंडल, भागलपुर के सदस्यों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
रात्रि के अंतिम प्रहर तक प्रार्थना कक्ष श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भक्त और भगवान के बीच की दूरी समाप्त हो गई हो और श्रद्धालु सीधे बाबा श्याम से अपने मन की बात कह रहे हों।
महोत्सव की पूरी व्यवस्था को सफल बनाने में कार्यक्रम के संयोजक श्री श्याम सोंथलिया, श्री श्याम जालान और श्री मनोज झांझरिया सहित श्री श्याम कीर्तन मंडल देवघर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य सदस्य तन-मन से जुटे हुए हैं। आयोजन को सफल बनाने में देवघरवासियों का भी अभूतपूर्व सहयोग मिल रहा है, जिसे मंडल ने बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बताया।
मंडल के अनुसार, यह भव्य महोत्सव 20 सितंबर की देर रात तक बाबा श्याम की इच्छा तक जारी रहेगा।श्री श्याम भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय बंका, सचिव अशोक सरावगी एवं कोषाध्यक्ष पंकज पचेरीवाला हैं। उक्त जानकारी मंडल के सह सचिव सह मीडिया प्रभारी अभिषेक सिंघानिया ने दी।#ShyamMahotsav #ShyamKirtanMandal #Deoghar #ShyamBhakti