
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के निर्देश पर पीड़ित को मिले 71 हजार रुपये, लाभार्थी ने जताया आभार
करनाल, 2 अक्टूबर ,, नीलोखेड़ी ब्लॉक के गांव बीड़ बड़ालवा निवासी दिव्यांग भजनलाल शर्मा को कृषि मंत्री एवं कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन श्याम सिंह राणा के निर्देश पर 71,000 रुपये की राशि डिवीजन कार्यालय में प्रदान की गई। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के सचिव कुलदीप सिंह ने संबंधित उक्त व्यक्ति को नीलोखेड़ी डिवीजन में बुलाकर यह राशि दिलवाई। इस सहायता के लिए लाभार्थी ने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और उनके सेक्रेटरी कुलदीप सिंह का दिल से धन्यवाद किया। लाभार्थी ने कहा कि कृषि मंत्री के सहयोग और प्रयासों से उन्हें यह राशि प्राप्त हुई, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। लाभार्थी ने कहा कि हरियाणा सरकार सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है। सरकार वाकई अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दे रही है।
कष्ट निवारण समिति की बैठक में की थी मंत्री ने घोषणा
कष्ट निवारण समिति की बैठक में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा के समक्ष नीलोखेड़ी ब्लॉक के गांव बीड़ बड़ालवा निवासी दिव्यांग भजनलाल शर्मा का मामला आया था। जिसमें भजनलाल ने मकान के ऊपर से गुजरने वाले 11 हजार वोल्ट की तारों को हटाने को लेकर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यालय में आवेदन किया था। इस पर निगम ने उन्हें अनुमानित लागत 70 हजार 571 रुपये की राशि जमा करवाने के निर्देश दिए। लेकिन जब फरियादी ने मंत्री के समक्ष कहा कि मैं यह राशि जमा करवाने में असमर्थ हूं। इस पर मंत्री ने दरियादिली दिखाते हुए दिव्यांग भजनलाल शर्मा को ऐच्छिक कोष से 71 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की और बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसकी शिकायत का जल्द निवारण किया जाए।
Karnal, Karnal | Oct 2, 2026