
पहली बार एक ही मंदिर में स्थापित हुए 12 ज्योतिर्लिंग, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
देश के विभिन्न ज्योतिर्लिंगों से लाई गई पवित्र मिट्टी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
: सोमवार को भगवान शिव के श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक एवं आस्था से जुड़ा आयोजन संपन्न हुआ। रेलवे कॉलोनी (अजय नगर) स्थित लोकेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पहली बार भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना देश के विभिन्न ज्योतिर्लिंगों से लाई गई पवित्र मिट्टी से की गई। इसके साथ ही अब श्रद्धालु एक ही स्थान पर बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे, जिससे इस मंदिर का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व और बढ़ गया है। स्थापना समारोह के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नव युवा मंडल एवं सर्व मित्र मंडल के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रेवाड़ी के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी शिव भक्त आयोजन में शामिल हुए। मंदिर संयोजक पवन पंडित ने कहा कि भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना रेवाड़ी के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Rewari, Rewari | Jul 13, 2026