
हरियाणा दूध बंद का दूसरा दिन:किसानों ने दूधिए के ड्रम छीन सड़क पर पलटे, पुलिस बुलानी पड़ी; कमेटियां सप्लाई रोक गुरुद्वारे भेज रहीं....
हरियाणा में दूध के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर 1 से 3 अक्टूबर तक चल रहे ‘दूध बंद’ आंदोलन का शुक्रवार को दूसरा दिन है। सिरसा में किसानों और पशुपालकों ने वीटा मिल्क प्लांट के बाहर पक्का मोर्चा लगा दिया है। उनका मकसद प्लांट से दूध की सप्लाई को रोकना है।
इसी बीच कंगनपुर रोड पर किसानों ने दूधिए के 2 ड्रम छीनकर सड़क पर पलट दिया। दूधिए की किसानों से बहस भी हुई। हंगामा बढ़ा तो पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। इसे देखते हुए किसानों ने गांव स्तर पर कमेटी बना दी है, जो डेयरी वालों से दूध की सप्लाई प्लांट तक आने से रोक रही है।
उधर, आंदोलन को देखते हुए प्लांट प्रबंधन ने दूध लाने और ले जाने वाली गाड़ियों का टाइम टेबल बदला है। सिरसा वीटा प्लांट में सामान्य दिनों में करीब 70 से 75 हजार लीटर दूध रोज पहुंचता है। प्लांट CEO दिनेश मेहता के मुताबिक, गुरुवार सुबह और शाम की सप्लाई मिलाकर करीब 75 हजार लीटर दूध आया। सामान्य दिनों में यह मात्रा करीब 78 से 80 हजार लीटर रहती है।
हालांकि, पशुपालक संगठनों का दावा है कि गुरुवार को सप्लाई में करीब 30 से 35 हजार लीटर की कमी रही। डेयरी एसोसिएशन ने भी इस आंदोलन का समर्थन कर दिया है। बाकायदा गांव में मुनादी भी कराई है। वीटा के शेष 5 प्लांट रोहतक, जींद, अंबाला, बल्लभगढ़ व कुरुक्षेत्र में कुछ खास असर नहीं रहा।
#milk #strike #haryana #farmer #hikerate #milkpricehike #takkartoday
Sirsa, Sirsa | Oct 2, 2026