
काशीवासियों के लिए बड़ी राहत: सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन को मिलेगा अलग रास्ता, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
सावन शुरू होने से पहले वाराणसी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी पहुंचकर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सबसे बड़ा फैसला काशीवासियों की सुविधा को लेकर लिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सावन में स्थानीय लोगों को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए अलग मार्ग उपलब्ध कराया जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग की तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि काशी में निवास का प्रमाण प्रस्तुत करने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक और अलग व्यवस्था बनाई जाए। यह मांग अधिवक्ता अनघ शुक्ला ने मंदिर प्रशासन को ज्ञापन देकर उठाई थी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि प्रस्ताव पर विचार करने के बाद इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिस पर उन्होंने सहमति प्रदान कर दी।
स्थानीय व्यापारियों की परेशानी पर भी लिया निर्णय
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री और विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने सावन के दौरान मैदागिन से गोदौलिया तक होने वाली बैरिकेडिंग से स्थानीय व्यापारियों को होने वाली दिक्कत का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस मार्ग पर बैरिकेडिंग केवल सोमवार को ही की जाए, ताकि अन्य दिनों में व्यापार और आम जनजीवन प्रभावित न हो।
एम्बुलेंस से लेकर यातायात तक हर व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनप्रतिनिधियों की मांग पर गोदौलिया-लक्सा मार्ग को लेकर मंडलायुक्त ने भरोसा दिलाया कि 26 जुलाई से यह रास्ता खोल दिया जाएगा। बैठक में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में चल रही तैयारियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
Sadar, Lucknow | Jul 8, 2026