
देवघर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। पुलिस ने 10 साइबर आरोपियों को किया गिरफ्तार।
देवघर:– जिला में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।देवघर SP प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 18 सितंबर को पत्थरअड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर इन्हे पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश राणा, लालूमोहन राणा, गौतम राणा, उत्तम राणा, पाण्डव महतो, कैलाश दास, छलबली कुमार, शुभम यादव, कुन्दन कुमार दास और मनुवर अंसारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर और बैंक अधिकारी बनकर, कैशबैक का झांसा देकर तथा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर साइबर ठगी करते थे। इनके पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चार के खिलाफ पहले से साइबर थाना में मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, एसपी प्रवीण पुष्कर ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक, कस्टमर केयर या सरकारी योजना के नाम पर किसी के कहने पर कोई APK फाइल डाउनलोड न करें और न ही अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी साझा करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।