
*झारखंड में 3-4 दिन थमेगी बारिश, कब तक होगी मानसून की विदाई*
रांची : झारखंड में अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ गया है। ऐसे में 13 सितंबर से मौसम साफ होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी। करीब चार दिन बाद बंगाल की खाड़ी में फिर निम्न दबाव बन सकता है। इसके असर से झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर लौट सकता है। मानसून की बात करें तो झारखंड में अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब है। 1 जून से 12 सितंबर तक 866.4 मिमी बारिश हुई है। राज्य में बारिश सिर्फ 4 फीसदी कम है। 15 जिलों में बारिश सामान्य है। वहीं 8 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है।
पाकुड़ सबसे पीछे, पश्चिमी सिंहभूम सबसे आगे
बारिश की कमी के मामले में पाकुड़ सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां सामान्य से 48 फीसदी कम बारिश हुई है। चतरा में 34 फीसदी और देवघर में 30 फीसदी कमी दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 45 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। यहां सामान्य 903 मिमी के मुकाबले 1,306.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र के अनुसार 10 से 12 अक्टूबर के बीच झारखंड से मानसून की विदाई हो सकती है।