
बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में रविवार को निकली बारात इलाके में चर्चा की विषय बना हुआ है। यह बारात थी तेलियाडीह टांगटोना निवासी शिव महतो के बेटे जनार्दन कुमार महतो की। जिसकी शादी मुंगो बगदा निवासी नागेश्वर महतो की बेटी श्वेता कुमारी के साथ संपन्न हुआ।
बिना दहेज लिए सादगी और परंपरागत तरीके से बैलगाड़ी में निकली बारात ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फूलों से सजी बैलगाड़ी, उसके पीछे कुड़माली लोकधुनों पर झूमते बराती इलाके में चर्चा का विषय बन गए।
इस अनोखे आयोजन को यादगार बनाने में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंजूरा निवासी मिथिलेश महतो ने बैलगाड़ी का रंग-रोगन किया, जबकि डुमरकुदर निवासी भुवनेश्वर महतो और उनके सहयोगियों ने फूलों व पारंपरिक सामग्री से उसे बेहद आकर्षक ढंग से सजाया। सजी-धजी बैलगाड़ी पूरे समारोह का मुख्य आकर्षण बनी रही।
जहां-जहां से बारात गुजरी, वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। दूल्हा-दुल्हन ने कहा कि इस तरह के दहेज मुक्त और पारंपरिक विवाह समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ हमारी लोक संस्कृति और विरासत को जीवंत बनाए रखने का काम करते हैं।
Namkum, Ranchi | Jul 14, 2026