
बासौदा-सिरोंज मार्ग पर बेतवा नदी के उच्च स्तरीय पुल का मुख्य कार्य पूरा, दिसंबर 2026 तक संपूर्ण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
..
एप्रोच रोड का निर्माण कार्य जारी है, दिसंबर 2026 तक उक्त कार्य पूर्ण कर यह मार्ग जनसामान्य के आवागमन हेतु शुरू होगा
..
लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) संभाग भोपाल के कार्यपालन यंत्री द्वारा बताया गया कि विदिशा जिले के बासौदा-सिरोंज मार्ग (किमी 7/2) पर बेतवा नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का मुख्य संरचनात्मक निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) द्वारा पूरा कर लिया गया है। विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी अनुसार उक्त पुल के दोनों छोर पर पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है जो दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। बासौदा-सिरोंज मार्ग पर बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य में मेसर्स माधव इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, वडोदरा (गुजरात) द्वारा किया जा रहा है। जिसका अनुबंध विभाग के साथ 15 अक्टूबर 2018 को निष्पादित हुआ था। लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) द्वारा एनडीबी के पैकेज 1-अ के अंतर्गत पुल का मुख्य संरचनात्मक निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
प्राकृतिक आपदा के कारण तकनीकी संशोधन -
विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी अनुसार प्रारंभिक ड्राइंग अप्रूवल के बाद सितंबर 2020 में कार्य शुरू किया गया था। हालांकि, वर्ष 2022 में आई अभूतपूर्व बाढ़ के कारण नदी के उच्चतम जल स्तर (HFL) में परिवर्तन दर्ज किया गया। यात्रियों की सुरक्षा एवं संरचना की मजबूती को ध्यान में रखते हुए पुल की स्ट्रक्चरल ड्राइंग में तकनीकी बदलाव किए गए। संशोधित ड्राइंग की स्वीकृति के पश्चात 18 जनवरी 2024 से कार्य पुनः तीव्र गति से प्रारंभ किया गया। नए डिजाइनों के तहत फाउंडेशन (नींव) का आकार बढ़ाया गया। पियर (खंभों) की रीबारिंग की गई। सुपरस्ट्रक्चर का निर्माण कार्य पूरा किया गया।
इन तकनीकी बदलावों के साथ मुख्य पुल का निर्माण 28 दिसंबर 2025 को पूर्ण कर लिया गया। तकनीकी संशोधनों से बढ़ी लागत के दृष्टिगत विभाग द्वारा 04 मई 2026 को संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त की गई, प्रशासकीय स्वीकृति के लंबित रहने की अवधि के दौरान निर्माण कार्य स्थगित रहा। इसके उपरांत एप्रोच रोड की रिटेनिंग वॉल हेतु 15 मई 2026 को ड्राइंग स्वीकृत होते ही एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया गया है।
भू-अर्जन एवं एप्रोच मार्ग की अद्यतन स्थिति -
एप्रोच मार्ग निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है। एप्रोच मार्ग (सिरोंज दिशा) "आपसी सहमति से भूमि क्रय नीति" के तहत अप्रैल 2024 में ही भू-अर्जन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई थी। एप्रोच मार्ग मार्ग (बासौदा दिशा) कृषकों से आपसी सहमति न बन पाने के कारण भूमि अधिग्रहण "भूमि अर्जन, पुनर्वसन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013" के तहत किया जा रहा है। इसमें धारा 19 का प्रकाशन 19-06-2026 पूर्ण हो चुका है। धारा 21 की वैधानिक कार्यवाही 02/07/2026 को संपन्न कर ली गई है। भू-स्वामियों के लिए अवार्ड राशि का निर्धारण की कार्यवाही प्रगतिरत है।अवार्ड राशि तय होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पूरी कर बासौदा दिशा के एप्रोच मार्ग का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। विभाग द्वारा एप्रोच रोड सहित संपूर्ण परियोजना का कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर जनसामान्य के आवागमन हेतु मार्ग शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। #vidisha