
नागौद में सांसद निधि की सड़क पर बड़ा सवाल! 4 लाख रुपये की राशि पर घमासान, उपसरपंच को ग्राम पंचायत का नोटिस, FIR की चेतावनी
सतना जिले के नागौद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत नोनगरा में सांसद निधि से स्वीकृत पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत द्वारा जारी नोटिस में उपसरपंच कृष्ण कुमार पाण्डेय से 4 लाख की राशि पंचायत खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में उल्लेख है कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत राशि कथित रूप से पंचायत खाते में जमा नहीं हुई, जिसके चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। पंचायत ने 15 दिवस के भीतर राशि जमा करने को कहा है, अन्यथा एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि मामला इतना गंभीर था तो लगातार नोटिस जारी होने के बावजूद अब तक एफआईआर क्यों नहीं हुई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी किसी बड़े संरक्षण की ओर इशारा कर रही है?
मामले की जानकारी कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सीईओ और थाना प्रभारी तक भेजी जा चुकी है। अब देखना यह है कि प्रशासन कार्रवाई करता है या मामला फाइलों में ही दबकर रह जाता है।