
नरवर में निशुल्क मूंगफली बीज वितरण को लेकर आदिवासी किसानों में नाराजगी, तहसीलदार से लगाई गुहार
नरवर। शासन द्वारा किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे निशुल्क मूंगफली बीज वितरण कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के आदिवासी किसानों में नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि उन्हें निर्धारित पात्रता के बावजूद निशुल्क बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
वुधवार को बड़ी संख्या में आदिवासी किसान तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार विजय कुमार त्यागी से सैकड़ो आदिवासी किसानों ने मौखिक बातचीत मे मूंगफली बीज दिलाए जाने की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि कृषि विभाग के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी निशुल्क वितरण किए जाने वाले बीज के बदले पैसे लेकर बीज उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि पात्र किसानों को बीज से वंचित किया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि शासन की योजना का लाभ जरूरतमंद किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सभी पात्र किसानों को निशुल्क मूंगफली बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
तहसीलदार ने किसानों की शिकायत सुनकर मामले की जांच कराने और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करने का आश्वासन दिया। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।