*एक साथ बुझ गये 5 घरों के चिराग…*
शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों को उजाड़ दिया। बालीपारा के पास कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा असम के सोनितपुर में रंगापारा थाना क्षेत्र के मीट चापली में एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि अरुणाचल नंबर के ट्रक ने असम नंबर की कार को टक्कर मारी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया। फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है।
एक साथ बुझ गईं 5 जिंदगियां
मृतकों की पहचान हर गोबिंदा हाजोआरी, नयन स्वर्गीयारी, पप्पू बोरा, प्रांजल बनिया और संजय मेच के रूप में हुई है। सभी सोनितपुर के घोरामारी-बताबाड़ी इलाके के रहने वाले बताये जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है।