
सलेमपुर पेट्रोल पंप पर युवक से मारपीट व जान से मारने की धमकी के मामले में चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
सलेमपुर स्थित राधे-राधे पेट्रोल पंप पर युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना डेरापुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कस्बा डेरापुर के प्रताप नगर वार्ड-10 निवासी गुफरान पुत्र शरीफ उल्लाह खान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एक जुलाई की शाम करीब छह बजे अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए सलेमपुर स्थित राधे-राधे पेट्रोल पंप पर गया था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों ने उसकी बाइक के सामने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोरगुल सुनकर मौके पर मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद आरोपित मौके से चले गए।
तहरीर में विकास चौबे उर्फ भीखखू पुत्र देवेंद्र चौबे निवासी वार्ड नंबर-5 कृष्णा नगर डेरापुर, अभिनव उर्फ पिंटू ठाकुर पुत्र मनोज सिंह निवासी क़स्बा डेरापुर, पूती राइन पुत्र छोटे लाल निवासी डेरापुर तथा शानू कुरैशी पुत्र शफीक कुरैशी निवासी डेरापुर को नामजद किया गया है।
पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। मामले में थाना डेरापुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी डेरापुर ने शनिवार शाम 5 बजे बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।