
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: लालगंज में संकल्प सभा, विजेता छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
लालगंज/वैशाली। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीयकृत घटारो उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालगंज में संकल्प सभा सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, जिला विधिक सेवा प्राधिकार और जिला प्रशासन वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में तथा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्या सुमन सिंह ने की। मुख्य वक्ता अधिकार मित्र संतोष कुमार ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, बच्चों के अधिकारों और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर बाधा है। साथ ही बाल विवाह की सूचना मिलने पर 1098, 181, 15100 और 112 हेल्पलाइन पर तत्काल जानकारी देने की अपील की।
संस्थान के सचिव एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
इस अवसर पर चित्रकला, स्लोगन और निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक अभिमन्यु कुमार, सुजाता कुमारी, सोनम, अमित कुमार, अवधेश कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
#हैशटैग:
#बालविवाहमुक्तभारत #Vaishali #Lalganj #ChildRights #Bihar #Education #StopChildMarriage #JustRightsForChildren #LegalAwareness #YoungIndiaNews