
बहन ने देख लिया था भाभी और देवर का अवैध संबंध, पकड़े जाने के डर से कर दी हत्या, शव सेंगुर नदी में फेंका; वांछित आरोपी गिरफ्तार
कानपुर देहात। थाना मंगलपुर पुलिस ने युवती की हत्या कर शव सेंगुर नदी में फेंकने के सनसनीखेज मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने और इसी राज के खुल जाने के डर से बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक 12 जून 2026 को थाना मंगलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 156/2026 के तहत आरोप लगाया गया था कि ग्राम चन्द्रकुरा निवासी ज्योति पुत्री मान सिंह की हत्या कर शव को कार से ले जाकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया। मामले में रेखा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मंगलपुर पुलिस ने गुरुवार को ग्राम औरंगाबाद मोड़ स्थित मंगलपुर-झींझक मार्ग पर बाबा मजार के पास बनी पुलिया से वांछित आरोपी मिलन (23) पुत्र मान सिंह निवासी चन्द्रकुरा, थाना मंगलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई वीरू बाहर मजदूरी करता है और इसी दौरान उसके अपनी भाभी रेखा देवी से अवैध संबंध बन गए थे। पांच जून की शाम घर में दोनों अकेले थे और आपत्तिजनक स्थिति में थे, तभी उसकी बहन ज्योति अचानक घर पहुंच गई। दोनों को इस हालत में देखकर वह शोर मचाने लगी। राज खुलने के डर से उसने और उसकी भाभी ने धारदार चाकू से ज्योति की हत्या कर दी।
आरोपी के अनुसार घटना के बाद उन्होंने पिता मान सिंह को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पिता मान सिंह, रिश्तेदार सुनील उर्फ मौला निवासी नवाबपुर तथा उसके साथी सोनू पुत्र कल्लू निवासी खानपुर की मदद से शव को दरी में लपेटकर कार से सेंगुर नदी में ले जाकर फेंक दिया गया। चाकू भी शव के साथ ही नदी में फेंक दिया गया था। आठ जून को पुलिस द्वारा शव बरामद किए जाने की जानकारी मिलने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गांव में कुछ पैसे लेने आया था, तभी उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल अवनीश यादव, कांस्टेबल अभय प्रताप, रवेन्द्र तथा महिला कांस्टेबल दीक्षा शामिल रहीं।
#KanpurDehat #MangalpurPolice #CrimeNews #KanpurDehatNews #MurderCase #BreakingNews