
रक्सौल सीमा पर यूक्रेनी महिला हिरासत में, वीजा खत्म होने के बाद नेपाल भागने की थी तैयारी
रक्सौल। भारत में वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रही एक यूक्रेनी महिला को भारत-नेपाल सीमा के निकट रक्सौल में एसएसबी ने हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में उसके नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 47वीं वाहिनी एसएसबी की बीओपी हरपुर की गश्ती टीम ने शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एमबीपी-388 के समीप सैनिक रोड से संदिग्ध अवस्था में एक विदेशी महिला को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान यूक्रेन की नागरिक ओक्साना शेवत्सोवा के रूप में हुई। उसके पास यूक्रेन का वैध पासपोर्ट मिला, लेकिन भारत में रहने के लिए कोई वैध वीजा नहीं मिला।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मार्च 2022 में भारत आई थी और गोवा तथा शिमला में रह चुकी है। उसका भारतीय वीजा मार्च 2023 में ही समाप्त हो गया था, जिसके बावजूद वह देश में रह रही थी।
महिला ने यह भी खुलासा किया कि अगस्त 2023 में वह अपने यूक्रेनी साथी दिमित्री बोर्कोवेट्स के साथ पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार हुई थी। दोनों को जेल भेजा गया था और बाद में अलग-अलग समय पर जमानत पर रिहा किया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद वह दिल्ली में रहने लगी। वहीं जासिम नामक व्यक्ति ने पटना निवासी आदिल के माध्यम से उसे नेपाल भेजने की व्यवस्था की। इसके तहत वह बस से पटना पहुंची और वहां से टैक्सी के जरिए रक्सौल लाई गई थी।
एसएसबी ने महिला को हिरासत में लेकर संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि उसे अवैध रूप से नेपाल भेजने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।