
विश्व पर्यावरण दिवस पर पलकमति नदी घाट पर चला स्वच्छता अभियान
नर्मदा टाइम्स, सोहागपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर परिषद सोहागपुर द्वारा पलकमति नदी के गौतम वार्ड घाट पर स्वच्छता श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातःकाल किया गया, जिसका उद्देश्य नदी घाट की स्वच्छता सुनिश्चित करना एवं नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अभियान में अपर प्रथम सत्र न्यायाधीश अतुल सक्सेना, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी, नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, पार्षद रविशंकर उइके सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान घाट क्षेत्र में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई और स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। इस अवसर पर अमित परसाई, संजय पचौरी, हक्कूलाल परते, भूपेंद्र केवट, हरगोविंद व्यास,अनिल रघुवंशी, नरेंद्र धुर्वे, रणधीर रघुवंशी, दशरथ सरयाम, संजय दोहरे, राजकुमार घारू, गौरव कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश के निर्देशानुसार तथा तहसील विधिक सेवा समिति सोहागपुर के अध्यक्ष एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री अतुल सक्सेना के मार्गदर्शन में पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुबह 8 बजे साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक अधिकारियों, नगर परिषद के अधिकारियों, एसडीएम, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों द्वारा श्रमदान किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की भी सहभागिता रही।