
ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा व सुविधाओं का डीजीपी ने लिया जायजा
रांची। राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जगन्नाथपुर मेला परिसर में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, मेला आयोजन समिति, मंदिर समिति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान झारखंड की डीजीपी श्रीमती तदाशा मिश्रा, रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मेला परिसर का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जगन्नाथपुर मंदिर के प्रथम सेवक सह उपाध्यक्ष ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने अधिकारियों को मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, भगवान जगन्नाथ की महिमा, उत्कल परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग दस दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले के सफल आयोजन में मंदिर समिति, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है तथा सभी के समन्वय से हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं।
निरीक्षण के दौरान मेला समिति एवं मंदिर समिति के कई सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने आपसी समन्वय के साथ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
Ratu, Ranchi | Jul 9, 2026