
Bahraich -नानपारा की बिटिया यासमीन बनीं SDM दूसरे प्रयास में हासिल की 33वीं रैंक,जिले का नाम किया रोशन
बहराइच जिले की बेटी यासमीन बानो ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 33वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन बिहार प्रशासनिक सेवा में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) पद के लिए हुआ है।
यासमीन बहराइच जिले के पड़इया ग्राम पंचायत के बड़हरा गांव की निवासी हैं। उनके पिता नाज़िर अली अयोध्या स्थित एक मदरसे में सहायक अध्यापक हैं। परिवार वर्ष 1987 से अयोध्या में रह रहा है और शुरू से ही बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देता रहा है।
यासमीन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अयोध्या से पूरी की और वारंगल से बीटेक की डिग्री प्राप्त की। पहले प्रयास में वे साक्षात्कार तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में 33वीं रैंक हासिल कर सफलता का नया इतिहास रच दिया।
परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं, जिनमें यासमीन सबसे छोटी हैं। उनके बड़े भाई प्रवक्ता बनने की तैयारी कर रहे हैं, दूसरे भाई आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग कर दिल्ली में कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे भाई UPSC की तैयारी कर रहे हैं।
यासमीन बानो की इस उपलब्धि से बहराइच जिले में खुशी की लहर है। उनकी सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
कॉपी,, टेक्स