
रामकुमार सिंह की स्मृति में 24 अक्टूबर को होगी श्रद्धांजलि सभा, सर्वसमाज के लोग होंगे शामिल
आरा के बाबू बाजार स्थित क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रधान कार्यालय में हुई बैठक, नशामुक्ति, दहेज उन्मूलन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके योगदान को किया गया याद
आरा। क्षत्रिय कल्याण संगठन, बिहार के प्रधान कार्यालय बाबू बाजार, आरा में बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें संगठन के अध्यक्ष स्वर्गीय रामकुमार सिंह की स्मृति में 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभा को सर्वसमाज की श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाया जाएगा। इसमें विभिन्न समाजों के समाजसेवियों को भी आमंत्रित किया गया है।
बैठक में संगठन के पदाधिकारी राणा सिंह ने कहा कि रामकुमार सिंह सर्वसमाज के प्रिय थे। उन्होंने संगठन के कल्याणकारी कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नशामुक्ति, दहेजमुक्त विवाह, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक मुद्दों पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
वहीं, संगठन के कार्यालय प्रभारी जितेंद्र सिंह भटौली ने कहा कि रामकुमार सिंह संगठन की रीढ़ थे। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। बैठक में जाति-धर्म से ऊपर उठकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने और इसमें सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
बैठक में मनमोहन सिंह, बिंदेश्वर सिंह, कमलेश सिंह, महंत मुखिया, राकेश सिंह मुखिया, विनय सिंह, डॉ. विकास सिंह, आशानारायण सिंह, प्रकाश सिंह, बबलू सिंह, निर्मल सिंह, बुटन सिंह और राजू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Arrah, Bhojpur | Oct 21, 2026