
बिसाऊ के एसएन बिरमीवाला गेस्ट हाउस में बुधवार देर रात मुंबई प्रवासी युवा उद्योगपति कमल पोद्दार का अभिनंदन किया गया। विमल बिरमीवाला की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अतिथियों ने कमल पोद्दार का सम्मान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण गर्ग, पार्षद सलीम सैय्यद, मंडावा चेयरमैन सज्जन मिश्रा तथा जगदीश कसेरा का भी रामप्रकाश बिरमीवाला व अन्य लोगों की ओर से सम्मान किया गया।
समारोह की शुरुआत बच्चों की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। कैलाश बिरमीवाला ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन कपिलेश शर्मा ने किया।
अपने उद्बोधन में कमल पोद्दार ने अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कस्बे के विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए और अपने क्षेत्र की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अरुण गर्ग ने कहा कि जीवन में संस्कारों के साथ पुरुषार्थ करना महत्वपूर्ण है। अच्छे संस्कार व्यक्ति को सही दिशा देते हैं, वहीं निरंतर परिश्रम से लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार धौलपुरिया, कांग्रेस नगर अध्यक्ष मोहम्मद अयूब, अग्रवाल समाज समिति बिसाऊ के अध्यक्ष संजय पोद्दार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#bissau #kamalpoddar #tharkiawaazajay #mumbaikar #भामाशाह
Churu, Churu | Oct 22, 2026