
जलेश्वर में पर्यटन विकास की नई राह पर मंथन, प्रचार-प्रसार से पर्यटकों के ठहराव तक बनी रणनीति
महोत्तरी नेपाल । महोत्तरी के जलेश्वर में पर्यटन विकास की संभावनाओं, चुनौतियों और पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीति को लेकर अंतरक्रिया कार्यक्रम संपन्न हुआ।
होटल एवं पर्यटन व्यवसायी संघ, जलेश्वर, महोत्तरी के आयोजन में ‘घूमें मधेश, समझें मधेश’ नारे के साथ पहली बार पर्यटन प्रवर्धन को लेकर विशेष अंतरक्रिया आयोजित की गई।
कार्यक्रम में महोत्तरी सहित मधेश प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटकीय स्थलों को देश-विदेश में पहचान दिलाने, प्रभावी प्रचार-प्रसार, आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास तथा पर्यटन व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सहभागियों ने कहा कि मधेश प्रदेश धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाएं रखता है। बावजूद इसके पर्याप्त प्रचार-प्रसार, आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थित पर्यटन योजना के अभाव में अपेक्षा के अनुरूप पर्यटकों को आकर्षित नहीं किया जा सका है।
स्थानीय पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़कर आकर्षक पर्यटन पैकेज तैयार करने तथा पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खान-पान और आतिथ्य से जोड़कर अधिक समय तक ठहराने की योजना पर भी विचार किया गया। इससे आंतरिक एवं बाहरी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय होटल एवं पर्यटन व्यवसाय को भी गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पर्यटन व्यवसायी, व्यापारी, युवा एवं संचारकर्मियों (पत्रकारों) की सहभागिता रही।