कजलेटा गांव में भीषण अगलगी, दो परिवारों का घर जलकर राख
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की झुनकी मुसहरा पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित कजलेटा गांव में शनिवार देर रात भीषण अगलगी की घटना में दो परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। पीड़ितों की पहचान पूजनेश्वर प्रसाद सिंह एवं ललित कुमार सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक एक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों परिवारों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया तथा अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों घर पूरी तरह जल चुके थे।अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।