
## **पुलिस-एम्बुलेंस की देरी पर भड़के लोग, पीपाड़ हादसे के बाद कार्रवाई की मांग तेज**
**पीपाड़ सिटी।** न्यू बस स्टैंड के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की कार्यशैली पर फूट पड़ा। सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और मृतका के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। लोगों का आरोप है कि पुलिस करीब एक घंटे बाद और 108 एंबुलेंस लगभग 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। जबकि पुलिस थाना और एंबुलेंस केंद्र घटनास्थल से अधिक दूर नहीं हैं। इस लापरवाही को लेकर लोगों ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व पालिका अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
बाद में थानाधिकारी सीताराम खोजा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई और हादसे के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी। वहीं घायल भागीरथ की रिपोर्ट पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भागीरथ ने बताया कि वह बीपीएल परिवार से हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।