
बिलासपुर में नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा: पट्टा फोरलेन से दो आरोपी 3.66 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सदर की टीम ने पट्टा फोरलेन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 3.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को थाना सदर की टीम क्षेत्र में गश्त, अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों सवारों के कब्जे से 3.66 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार (20 वर्ष) निवासी दरबाथू, तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा गोपाल सिंह चौहान (31 वर्ष) निवासी पटयाणी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस थाना सदर में एफआईआर संख्या 182/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।