
भारी बारिश की आशंका के चलते कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल आज रहेंगे बंद
कानपुर देहात। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी बारिश की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन शुक्रवार 10 जुलाई को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 10 जुलाई को स्थगित रहेंगी। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने जिले में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही कहा गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर परिस्थितियों के अनुसार आगे भी निर्णय लिया जाएगा।