
हाजीपुर: बिहार में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने पुलिस महकमे की एक महिला जवान को ही अपनी हैवानियत का शिकार बना डाला। वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बेलवर हाट से सामान खरीदकर घर लौट रही महिला होमगार्ड सिपाही और उसकी छोटी बहन का रास्ते से अपहरण कर लिया गया। आरोपी ने अपने घर में दोनों बहनों को बंधक बनाकर रखा और महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों बहनों को बेहोशी की हालत में मुक्त कराया और अस्पताल में भर्ती कराया।पीड़िता की मां द्वारा गोरौल थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक, उनकी दोनों बेटियां शुक्रवार शाम बेलवर हाट से खरीदारी कर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले सुबोध पासवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों बहनों का जबरन रास्ता रोका और उन्हें अगवा कर लिया। जब काफी देर तक दोनों बेटियां घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, जिसके बाद ग्रामीणों से पता चला कि आरोपी ने दोनों को अपने घर में बंधक बना रखा है।
आरोपी सुबोध पासवान ने अपने घर के भीतर महिला सिपाही को पूरी रात बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान सिपाही की नाबालिग छोटी बहन के साथ भी छेड़छाड़ की गई और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। वारदात के बाद दोनों बहनें गहरे सदमे और शारीरिक प्रताड़ना के कारण बेहोश हो गईं।
#biharnews #bihar #hajipur #vaishali