
डेरापुर में तहसीलदार के व्यवहार से नाराज लेखपाल, 7 जुलाई से चरणबद्ध कार्य बहिष्कार का ऐलान
डेरापुर तहसील में तहसीलदार के व्यवहार को लेकर लेखपालों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार दोपहर दो बजे आयोजित लेखपाल संघ की आपात बैठक में सर्वसम्मति से 7 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन और कार्य बहिष्कार शुरू करने का फैसला लिया गया।
लेखपालों का आरोप है कि तहसीलदार द्वारा उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता है और लगातार कार्रवाई की धमकी दी जाती है। विरोध स्वरूप लेखपालों ने तहसील के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप से बाहर निकलने का भी निर्णय लिया है।
संघ का कहना है कि जब तक तहसीलदार अपने व्यवहार में सुधार नहीं करते, तब तक उनके किसी भी मौखिक आदेश का पालन नहीं किया जाएगा। साथ ही भविष्य में सभी प्रकार का पत्राचार और संवाद केवल राजस्व निरीक्षकों के माध्यम से किया जाएगा।
लेखपालों ने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि उन पर लगातार उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कई लेखपाल एक से अधिक क्षेत्रों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, जिससे कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
बैठक के बाद लेखपाल संघ ने अपनी मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी शालिनी उत्तम को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी।
बैठक में तहसील अध्यक्ष शिवम शुक्ला, सुनील कटियार, मनोज सचान, रितेश कटियार, अवधेश कुमार, देवेंद्र सिंह, निगम सिंह, अनुज चौबे, श्रीधर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।