
राजस्थान संस्कृति परिचय कार्यक्रम के दूसरे दिन वास्तविक जीवन संवादों से गूंजा महावीर विद्यालय परिसर सुंदरनगर
Sundernagar Live 24×7
महावीर पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए Virtual City Tour / Real-Life Conversation Practices गतिविधि का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को राजस्थानी भाषा के व्यावहारिक प्रयोग से जोड़ना तथा उनके संवाद कौशल, आत्मविश्वास एवं सामाजिक व्यवहार का विकास करना था।
गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वास्तविक जीवन की परिस्थितियों पर आधारित रोल-प्ले प्रस्तुत किए। रेस्टोरेंट संवाद में विद्यार्थियों ने ग्राहक और वेटर की भूमिका निभाते हुए राजस्थान के प्रसिद्ध व्यंजन दाल-बाटी-चूरमा का ऑर्डर देने, उसके स्वाद और विशेषताओं के बारे में बातचीत की। शॉपिंग गतिविधि में विद्यार्थियों ने दुकानदार और ग्राहक के बीच होने वाले संवादों का प्रस्तुतीकरण किया, जिसमें वस्तुओं के मूल्य पूछना, खरीदारी करना तथा विनम्र व्यवहार का अभ्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने रास्ता पूछने और दिशा बताने से संबंधित संवादों का प्रदर्शन किया, जिससे दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली भाषा का अभ्यास हुआ। ट्रैफिक नियमों एवं चौराहे पर सिग्नलों के महत्व को भी रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया। साथ ही स्थानीय ऑटो एवं बस चालक तथा यात्रियों के बीच होने वाली बातचीत का अभिनय कर किराया, टिकट, गंतव्य स्थान तथा यात्रा संबंधी व्यवहारिक स्थितियों को समझाया गया।
पूरी गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थानी भाषा का प्रभावी एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रयोग किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को भाषा सीखने के साथ-साथ वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को समझने और उनमें प्रभावी संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान किया। सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गतिविधि को सफल एवं यादगार बनाया।