नेपाल में आई भीषण बाढ़ और उससे मची तबाही ने लोगों को झकझोर दिया है। नेपाल में बाढ़ की तस्वीरें देखकर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के 10 वर्षीय मासूम अल्फाज शेख का भी मन विचलित हो गया। पड़रौना क्षेत्र के बेतिया गांव निवासी अल्फाज अपनी गुल्लक लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गया और अपनी करीब एक साल की बचत नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देने की इच्छा जताई। मासूम की इस पहल ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और उसकी संवेदनशीलता की सराहना की गई। अल्फाज अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। उसके हाथ में गुल्लक थी, जिसमें वह लंबे समय से पैसे जमा कर रहा था। उसने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को गुल्लक सौंपते हुए प्रार्थना पत्र भी दिया। अल्फाज ने अनुरोध किया कि गुल्लक में जमा पूरी धनराशि को अधिकृत राहत कोष में जमा कराया जाए, ताकि इसका इस्तेमाल नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए किया जा सके।
#nepal #IndiaNepal