
ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने किया गानवी-फांचा सड़क का निरीक्षण
- गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की गानवी-फांचा सड़क के निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि गानवी-फांचा सड़क के चौड़ीकरण और पक्कीकरण का कार्य जारी है। इस बीच स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़क के संकरे हिस्सों को नियमानुसार चौड़ा किया जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं, वन विभाग को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत फांचा के ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए एसडीएम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण में यदि कोई कमियां हैं तो उन्हें समय रहते दूर किया जाएगा और संबंधित विभाग नियमित निगरानी कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करेंगे।
Rampur, Shimla | Jul 12, 2026