
"अपनी जमीन अपना आसमान पैदा कर,
अपने लिए इतिहास पैदा कर।
कुछ भी मुश्किल नहीं है इस दुनिया में,
अपने ऊपर एक विश्वास कायम कर।।"
#भोपाल के भीम नगर में रहने वाली एमपी बोर्ड 12वीं की टॉपर चांदनी विश्वकर्मा के घर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नजर जैसे ही दीवार पर लिखी इन प्रेरणादायक पंक्तियों पर पड़ी, वे कुछ पल के लिए ठहर गए। इन पंक्तियों को पढ़ने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक कविता नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला संदेश है और उन्होंने स्वयं भी इससे प्रेरणा ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांदनी विश्वकर्मा ने सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। दीवार पर लिखी पंक्तियां भी यही संदेश देती हैं कि यदि व्यक्ति खुद पर भरोसा रखे, बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करे, तो वह अपना इतिहास स्वयं लिख सकता है।
"अपने ऊपर एक विश्वास कायम कर" वाली पंक्ति ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र आत्मविश्वास है। चांदनी की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं, यदि संकल्प मजबूत हो। विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) से भीम नगर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया, उनका हाल-चाल जाना और चांदनी विश्वकर्मा के घर पहुंचकर पूरे परिवार को बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चांदनी और उनके परिजनों के साथ सेल्फी भी ली।
#breakingnewswala #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MPNews
Indore, Indore | Jun 16, 2026