
नकली पनीर की कार्रवाई के बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, जांच के आदेश
अशोक नगर की डेयरी पर छापेमारी के बाद आया मामला सामने, संचालक ने सहायक आयुक्त खाद्य को दिया शिकायत पत्र; 15 हजार रुपये मांगने का लगाया आरोप
कासगंज। शहर के अशोक नगर स्थित एक डेयरी पर नकली पनीर की बिक्री की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा की गई छापेमार कार्रवाई के बाद अब मामला नया मोड़ ले चुका है। डेयरी संचालक ने सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा को प्रार्थना पत्र देकर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। सहायक आयुक्त ने शिकायत की जांच कराने की बात कही है।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा कुलदीप कुमार के अनुसार, डेयरी संचालक की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। बताया गया कि शहर के अशोक नगर में संचालित डेयरी पर मिलावटी पनीर बेचने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता के अनुसार डेयरी पर अलीगढ़ से पनीर मंगाकर करीब 170 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा था।
सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 12 अगस्त को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। टीम को मौके पर पनीर मिला, जिसमें बदबू आने की बात सामने आई। टीम ने मिलावटी पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे।
कार्रवाई के दौरान डेयरी पर रखा करीब दो कुंतल पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके बाद मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब डेयरी संचालक जितेंद्र यादव ने सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा कुलदीप कुमार को शिकायत पत्र दिया।
शिकायत में डेयरी संचालक ने आरोप लगाया कि छापेमार कार्रवाई के बाद उस पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा रिश्वत देने के लिए दबाव बनाया गया। संचालक के मुताबिक लगातार दबाव बनाए जाने के बाद उसने 15 हजार रुपये दे दिए।
मामले में सहायक आयुक्त खाद्य एवं सुरक्षा कुलदीप कुमार ने कहा कि डेयरी संचालक की ओर से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई है। शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।