
बेतिया में अवैध हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, दो फरार...
बेतिया नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार की खरीद-बिक्री और किसी बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रच रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा तीन मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद किए हैं। वहीं पुलिस को आता देख दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नगर थाना पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के भागीरथ होटल के बगल वाली गली में कुछ अपराधी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री कर रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस की टीम को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु पासवान, समीर आलम और मोहम्मद औरंगज़ेब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोली और तीन मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान ऋषि कुमार और सानू के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और अपराधी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध हथियारों के नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।