
बाइक पर चोरी का बकरा लेकर भाग रहे तीन शातिर चोर गिरफ्तार, शिवली पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
(कानपुर देहात)। जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कानपुर नगर और कानपुर देहात की सीमा पर स्थित पाण्डु नदी पुल के पास से मोटरसाइकिल पर चोरी का बकरा लादकर भाग रहे तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक बकरा, घटना में प्रयुक्त बाइक, 5 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नमन निवासी चौबेपुर (कानपुर नगर), अर्जुन निवासी शिवली तथा सनी निवासी रूरा (कानपुर देहात) के रूप में हुई है। पुलिस टीम शिवली-चौबेपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चौबेपुर की ओर से आ रही एक बाइक पर तीन युवक सवार दिखाई दिए। पीछे बैठे युवक के पास बकरा होने पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चौबेपुर के दिलीपनगर निवासी नन्हे लाल के घर के बाहर से बकरा चोरी किया था और उसे बेचने के लिए कन्नौज ले जा रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने एक और वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 6 जुलाई की रात रूरा थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव से भी दो बकरियां चोरी की थीं, जिन्हें रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति को 25 हजार रुपये में बेच दिया था। बरामद 5 हजार रुपये उसी चोरी की रकम का हिस्सा बताए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।