
ओम बन्ना के दर्शन को निकले थे पांच दोस्त, कुछ ही पलों में उजड़ गई तीन परिवारों की दुनिया
पाली। जोधपुर से ओम बन्ना के दर्शन के लिए निकले पांच दोस्तों की यात्रा पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। बांडाई मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से पीछे जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान हेमू (20) पुत्र तुलसाराम, कुशाल (21) पुत्र दिलीप और प्रवीण (18) पुत्र बाबूलाल निवासी पांच बत्ती सांसी कॉलोनी, जोधपुर के रूप में हुई है। वहीं रौनक (21) पुत्र देवाराम और हनीश (18) पुत्र मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जोधपुर में उपचार जारी है।
इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय राजसमंद फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस की जांच कर रही थी। टीम का एक अधिकारी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बस के पीछे जा टकराई और पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई।
वीडियो में टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।