
अनूपगढ़ में किसान नेता का ऐलान: खेतों में सिंचाई पानी नहीं तो मनाएंगे काला दशहरा
अनूपगढ क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई का समय सिर पर है, लेकिन खेतों तक सिंचाई पानी नहीं पहुंचने से किसानों में भारी रोष है। पानी की किल्लत से परेशान किसानों ने अब प्रशासन के खिलाफ बड़ा ऐलान किया है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो वे इस बार दशहरा पर्व काले दिवस के रूप में मनाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
किसान नेता जलन्धर सिंह तूर ने कहा कि पिछले कई दिनों से नहरों में सिंचाई पानी बंद है। गंगनहर और इंदिरा गांधी नहर की टेल पर बसे अनूपगढ़, घड़साना, रावला और श्रीविजयनगर के गांवों में खेत सूखे पड़े हैं। सरसों की बुवाई के लिए जमीन तैयार है, लेकिन पानी नहीं मिलने से बुवाई लेट हो रही है। उन्होंने बताया कि कई बार सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
किसानों में आक्रोश, दी चेतावनी
किसान नेता ने कहा कि "हर साल रबी सीजन में यही हाल होता है। जब फसल बोने का समय आता है, तभी पानी गायब हो जाता है। हम कर्ज लेकर खेत तैयार करते हैं और पानी के बिना सब बर्बाद हो जाता है।"
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दशहरे से पहले नहरों में पूरा पानी नहीं छोड़ा गया तो वे काली पट्टी बांधकर रावण दहन का बहिष्कार करेंगे।