
भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
कासगंज। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं 'मिसाइल मैन' के नाम से विख्यात भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी, कासगंज के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि डॉ. कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण, विज्ञान, शिक्षा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन हमें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
एआईसीसी सदस्य मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने कहा कि डॉ. कलाम ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की। उन्होंने युवाओं से डॉ. कलाम के विचारों को अपनाकर देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, जिला महासचिव विमल कुमार सिंह, दीप कुमार पाण्डेय, राजा सलमानी, प्रवीण राजपूत, मानशी ठाकुर, महक कुशवाह, परी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।