
रूपईडीहा बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, बैटरियां और गुटखा बरामद
रूपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एसएसबी चेक पोस्ट रूपईडीहा पर गुरुवार को चलाए गए सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से सीमा पार ले जाए जा रहे सामान को बरामद किया गया। दोनों मामलों में बरामद सामान और संबंधित व्यक्तियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय रूपईडीहा के सुपुर्द कर दिया गया।
पहले मामले में 2 जुलाई की सुबह भारत से नेपाल जा रहे एक ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसमें से एक्साइड कंपनी की 150 एएच क्षमता वाली चार लेड एसिड बैटरियां बरामद हुईं। चालक बैटरियों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान अरमान दर्जी (25), पुत्र बदरू दर्जी, निवासी नेपालगंज नगरपालिका वार्ड-11, जिला बांके (नेपाल) के रूप में बताई।
पूछताछ में समवाय प्रभारी को जानकारी मिली कि बैटरियां रूपईडीहा के चकिया मोड़ निवासी एक व्यक्ति ने नेपालगंज स्थित एक बैटरी दुकान तक पहुंचाने के लिए भेजी थीं। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने इसे अवैध और अनाधिकृत मार्ग से भारत से नेपाल सामान ले जाने का प्रयास मानते हुए बैटरियों को कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद ई-रिक्शा, बैटरियां और चालक को कस्टम कार्यालय के हवाले कर दिया गया।
दूसरे मामले में एसएसबी को सूचना मिली कि नेपाल से भारत की ओर आ रही हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूपी-40 एवाई-2234) से अवैध सामान लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर की गई चेकिंग के दौरान बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम अल्तमश (19), पुत्र अज्जन, निवासी किला मोहल्ला, राजा बाजार चौकी, तहसील नानपारा, जनपद बहराइच बताया। बाइक पर बंधी बोरियों की तलाशी लेने पर काले प्लास्टिक में पैक मेघाश्री गुटखा बरामद हुआ।
पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अधिकारियों ने इसे नेपाल से भारत में अनाधिकृत मार्ग से लाया जा रहा अवैध सामान माना। इसके बाद एसएसबी ने मेघाश्री गुटखा और मोटरसाइकिल को कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद सामान, मोटरसाइकिल और आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय रूपईडीहा के सुपुर्द कर दिया।
#ssb #rupaidihanews #NewsUpdate #newsfeed #MeghaShri