
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से सिंधिया रियासत काल की करीब 400 साल पुरानी दुर्लभ तोप चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 16वीं शताब्दी की यह तोप लगभग 3,500 किलोग्राम वजनी है और अंतरराष्ट्रीय एंटीक बाजार में इसकी कीमत 3 से 5 करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ किले में पहुंचे। उन्होंने पहले तोप को कपड़ों से लपेटा, फिर बेयरिंग लगी लोहे की ट्रॉली की मदद से करीब 3,000 फीट नीचे उतारा और भारी वाहन में लादकर फरार हो गए। यह वारदात 15-16 जुलाई की रात की बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने 4-5 जुलाई की रात भी चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वजन अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सके। घटना के समय किले में सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी। मौके से भारी वाहनों के टायरों के निशान मिले हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। नरवर किले की ओपन कचहरी में पहले 14 ऐतिहासिक तोपें थीं, लेकिन इस चोरी के बाद अब केवल 13 तोपें बची हैं। इस घटना ने प्रदेश में ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Shivpuri #NarwarFort #HistoricalCannon #Heritage #MadhyaPradesh #CrimeNews #BreakingNews #HistoricalProperty #MPNews #PoliceInvestigation