समस्तीपुर में करंट से मजदूर की मौत:निर्माणाधीन मकान की छत पर कर रहे थे काम
#समस्तीपुर जिले के धर्मपुर में एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मजदूर को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारों गांव निवासी अमरेश कुमार सिंह के 22 वर्षीय बेटे कर्मवीर कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया है कि कर्मवीर अपने 9 अन्य साथियों के साथ धर्मपुर स्थित शंभू कुमार के निर्माणाधीन मकान में काम करने गया था। मुरियारों गांव निवासी प्रत्यक्षदर्शी परीक्षण साह ने बताया कि छत पर जोड़ाई का काम चल रहा था।इसी दौरान कर्मवीर छत की सफाई कर रहा था और वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।