
15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
बाड़मेर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धनाऊ क्षेत्र में एक पटवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी संजय मीणा ने कृषि भूमि का व्यावसायिक (कॉमर्शियल) कन्वर्जन कराने के लिए मौका रिपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की एवज में परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार अणखिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दुकानों के लिए कृषि भूमि का कॉमर्शियल कन्वर्जन करवाने हेतु फाइल लंबित है, जिस पर कार्रवाई करने के बदले पटवारी 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी टीम ने पहले 5 हजार रुपए दिलवाकर मांग की पुष्टि कराई।
सत्यापन के बाद सोमवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। परिवादी को शेष 15 हजार रुपए लेकर पटवारी संजय मीणा के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम आरोपी के धनाऊ स्थित निवास और अन्य ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।